IBTV, नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहे। बीती रात उनका निधन हो गया है। पूर्व पीएम और अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह ने देश के विकास में एक अहम भूमिका बनाई है। साल 2004 से 2014 तक भारत के प्रधान मंत्री के रूप में कार्यरत रहे डॉ. सिंह का जन्म साल1932 में अविभाजित पंजाब में हुआ था। शुरुआती पढ़ाई- लिखाई इनकी यहीं से हुई थी। इसके बाद उन्होंने देश नहीं बल्कि दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटीज से पढ़ाई की है, जिसमें आक्सफोर्ड और कैंब्रिज जैसी यूनिवर्सिटी शामिल हैं। आइए डालते हैं उनके एजुकेशन जर्नी पर एक नजर।
साल 1948 में 10वीं और 1950 में 12वीं की परीक्षा पास करने वाले देश के पूर्व पीएम ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से साल1952 में इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद, साल 1954 में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से मास्टर की डिग्री ली थी। इसके बाद डॉ. सिंह ने साल 1962 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में डीफिल की उपाधि प्राप्त की थी।
पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह ने पंजाब यूनिवर्सिटी में बतौर लेक्चरर कार्यरत रहे थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिर्सिटी ने यह पुष्टि की थी कि, वह 1957-1959 के बीच एक सीनियर लेक्चरर, रीडर इन अर्थशास्त्र रीडर वर्ष 1959-1963 और अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के रूप में (1963-1965) कार्यरत रहे थे। इसके बाद, साल 2018 में , जब वे पंजाब विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग का दौरा करने पहुंचे थे तो, वे अपने पुराने दिनों में खो गए थे। इस मौके पर उन्होंने हमारे लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करना' विषय पर लेक्चर भी दिया था। बता दें कि डॉ. सिंह को 12 मार्च, 1983 को डीलिट और 11 मार्च, 2009 को एलएलडी. की उपाधि मिल चुकी है।